नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक को लेकर नया अलर्ट जारी किया गया है. ट्रैफिक अपडेट में नो पार्क जोन के बारे में सूचना दी गई है, ताकि आमलोगों को ज्यादा परेशानियों का सामना न करना पड़े. दिल्ली यातायात पुलिस ने एक परामर्श जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि मंगलवार को तुगलक रोड, सफदरजंग रोड और कमाल अतातुर्क मार्ग पर किसी भी वाहन को कहीं भी रुकने या खड़ा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. दूसरी तरफ, पटेल चौक (गेट नंबर- 3), लोक कल्याण मार्ग और केंद्रीय सचिवालय (गेट नंबर- 5) मेट्रो स्टेशन के एक-एक गेट को बंद कर दिया गया है.
इससे पहले आम आदमी पार्टी (AAP) ने कहा था कि वह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए 26 मार्च को प्रधानमंत्री आवास का घेराव करेगी. परामर्श के मुताबिक, नई दिल्ली इलाके में मंगलवार को विशेष कानून-व्यवस्था के कारण यातायात प्रभावित रहेगा. ऐसे में यदि कोई इन मार्ग से होकर जा रहा है तो उन्हें पहले रूट के बारे में पूरी जानकारी ले लें, ताकि कोई परेशानी न हो.
आज घर से बाहर निकलना है तो संभल जाएं…दिल्ली के इस एरिया में कार पार्क करने की है मनाही, पढ़ें एडवायजरी
https://hindi.news18.com/news/delhi-ncr/delhi-traffic-updates-new-advisory-issued-no-car-park-zone-in-tughlaq-road-safdarjung-road-kemal-ataturk-road-detail-8177994.html
ट्रैफिक अपडेट
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी एडवायजरी में कहा गया है, ‘नयी दिल्ली क्षेत्र में सुचारू यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए, किसी भी वाहन को तुगलक रोड, सफदरजंग रोड और कमाल अतातुर्क मार्ग पर कहीं भी रुकने या खड़ा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी, लोगों के सामान्य प्रवेश की अनुमति नहीं होगी, उपरोक्त सड़कों पर खड़े किए गए वाहनों को हटा दिया जाएगा और अनुचित पार्किंग व कानूनी निर्देशों की अवज्ञा के लिए मुकदमा चलाया जाएगा.’

बदले गए मार्ग
परामर्श में कहा गया कि जरूरत पड़ने पर अरबिंदो चौक, तुगलक रोड, सम्राट होटल गोलचक्कर, जिमखाना डाकघर गोलचक्कर, तीन मूर्ति हाइफा गोलचक्कर, नीति मार्ग गोलचक्कर और कौटिल्य मार्ग गोलचक्कर से यातायात का मार्ग बदला जाएगा. पुलिस ने अनुरोध किया कि यात्री कमाल अतातुर्क मार्ग, सफदरजंग रोड, अकबर रोड और तीन मूर्ति मार्ग पर जाने से बचें. ईडी ने आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में पिछले सप्ताह बृहस्पतिवार को केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया था. वह 28 मार्च तक एजेंसी की हिरासत में हैं.
.
Tags: Delhi news, Delhi Traffic Advisory
FIRST PUBLISHED : March 26, 2024, 09:41 IST


